Main Slideप्रदेश

सांसद पप्पू यादव को फिर मिली जान से मारने की धमकी, परिवार को बम से उड़ाने की चेतावनी, DCP से कार्रवाई की मांग

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी उनके आधिकारिक शिकायत पोर्टल पर भेजे गए संदेश के जरिए दी गई, जिसमें उन्हें गोली मारने और उनके पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद पप्पू यादव ने दिल्ली पुलिस के उपायुक्त (DCP) को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। धमकी भरे संदेश में लिखा गया, “पप्पू यादव, तुम सुधर जाओ, नहीं तो तुम्हें गोली मार देंगे और तुम्हारे पूरे परिवार को बम से उड़ा देंगे। तुम मेरा कुछ भी नहीं बिगाड़ पाओगे।”

इस घटना की जानकारी खुद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने लिखा, “आज फिर जान से मारने की धमकी मिली है। पूरे परिवार को बम से उड़ाने की भी बात कही गई है। लेकिन हम जनता की सेवा के रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे। युवाओं, छात्रों और मजलूमों के लिए सब कुछ कुर्बान है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी मुकेश मिश्रा के रूप में हुई है। आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य विवरण भी शिकायत में दर्ज किए गए हैं। सांसद कार्यालय ने मामले को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए सीधे डीसीपी स्तर पर शिकायत भेजी है। पत्र में संबंधित थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही जांच की प्रगति से सांसद कार्यालय को नियमित रूप से अवगत कराने का अनुरोध भी किया गया है। सांसद ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की है। पत्र में कहा गया है कि किसी जनप्रतिनिधि और उसके परिवार को इस तरह की खुली धमकी मिलना बेहद गंभीर मामला है और कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close