स्मृति मंधाना 5000 ODI रन पूरे करने से सिर्फ 58 रन दूर, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रच सकती हैं इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। टीम इंडिया का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से है, और इस मैच में मंधाना के पास नया इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
स्मृति मंधाना ने अब तक अपने वनडे करियर में 4942 रन बनाए हैं और वह 5000 रन पूरे करने से सिर्फ 58 रन दूर हैं। अगर वह यह आंकड़ा छू लेती हैं, तो भारत की ओर से 5000 ODI रन बनाने वाली दूसरी महिला क्रिकेटर बन जाएंगी। उनसे पहले यह उपलब्धि पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम है। साथ ही, मंधाना दुनिया की पांचवीं ऐसी महिला खिलाड़ी बनेंगी जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 5000 या उससे अधिक रन बनाए हैं।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटरें
मिताली राज (भारत) – 7805
चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) – 5992
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 5925
स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) – 5873
स्मृति मंधाना (भारत) – 4942
स्मृति मंधाना का वनडे करियर अब तक बेहद शानदार रहा है, हालांकि इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में उनका सर्वाधिक स्कोर 23 रन का रहा है। फैंस को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलकर न केवल यह रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी बल्कि टीम इंडिया की जीत में भी अहम भूमिका निभाएंगी।भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह मुकाबला विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच खास इसलिए भी रहेगा क्योंकि अगर मंधाना 58 रन बना लेती हैं, तो वह भारत की पहली सक्रिय महिला क्रिकेटर बनेंगी जिनके 5000 से अधिक वनडे रन होंगे।
वनडे इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड खास नहीं रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 59 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से केवल 11 बार भारत को जीत मिली है जबकि 48 बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है। ऐसे में मंधाना और टीम इंडिया दोनों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा।