श्राद्ध कर्म के बाद सीएम हेमंत सोरेन आज रांची लौटेंगे, घाटशिला जाने की संभावना

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म के बाद आज सोमवार को रांची लौटेंगे। बताया जा रहा है कि रांची आने के बाद मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम *घाटशिला* का हो सकता है, जहां वे शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे।
श्राद्ध कर्म संपन्न, अस्थि विसर्जन किया गया
सीएम हेमंत सोरेन 5 अगस्त से अपने पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में थे। पिता के निधन के बाद वे श्राद्ध कर्म और पारंपरिक विधि-विधान में व्यस्त रहे। रविवार को उन्होंने अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां परिवार सहित रजरप्पा मंदिर में दामोदर नदी में विसर्जित कीं।
रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि
श्राद्ध कर्म में व्यस्त रहने के कारण मुख्यमंत्री दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को व्यक्तिगत रूप से श्रद्धांजलि अर्पित नहीं कर पाए थे। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। आज रांची लौटने के बाद वे घाटशिला जाकर मंत्री के परिजनों से मिलेंगे।
रामदास सोरेन का निधन
गौरतलब है कि 15 अगस्त की रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया था। अगले दिन उनका पार्थिव शरीर रांची लाया गया, जहां विधानसभा परिसर में राज्यपाल, मंत्रियों और विधायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जमशेदपुर के *घोड़ाबांधा* में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।