PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर बॉलीवुड से आईं शुभकामनाएं, अक्षय से कंगना तक सितारों ने ऐसे किया विश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी पीएम मोदी को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। राजनीति और अन्य क्षेत्रों की हस्तियों के साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। अक्षय कुमार, चिरंजीवी, शत्रुघ्न सिन्हा, कंगना रनौत, अनुपम खेर, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल और रणदीप हुड्डा समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पीएम मोदी को बधाई दी। किसी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की तो किसी ने सेवा और देश के प्रति समर्पण का जिक्र किया।
अक्षय कुमार ने सेवा को बताया जन्मदिन मनाने का खास तरीका
अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लोगों से सेवा भावना के साथ यह दिन मनाने की बात कही। अभिनेता ने अपने संदेश में जरूरतमंद की मदद करने और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने को जन्मदिन मनाने का एक अच्छा तरीका बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए देश को इसी तरह प्रेरित करते रहने की कामना की।
चिरंजीवी ने पीएम मोदी के सफर का किया जिक्र
दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी के अब तक के सफर को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए शुभकामनाएं दीं। चिरंजीवी ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आने वाले वर्षों के लिए शक्ति की कामना की।
शत्रुघ्न सिन्हा ने एक दिन पहले ही दी बधाई
अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं एक दिन पहले ही दे दी थीं। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पहले बधाई देने का फैसला इसलिए किया, ताकि जन्मदिन के दिन आने वाले ढेरों संदेशों के बीच उनकी शुभकामना दब न जाए। शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी, शांति और लंबी उम्र की कामना की।
कंगना रनौत ने संस्कृत श्लोक के साथ दी शुभकामना
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी प्रधानमंत्री मोदी को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत संस्कृत श्लोक के साथ की और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कंगना ने देशसेवा के लिए प्रधानमंत्री को शक्ति मिलने की प्रार्थना भी की। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने की अपील की।
अनुपम खेर ने सुनाया पहली मुलाकात का किस्सा
अभिनेता अनुपम खेर ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनसे हुई अपनी पहली मुलाकात को याद किया। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में पीएम मोदी से हुई वह मुलाकात उनके लिए प्रेरणादायक रही थी। अनुपम खेर ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की।
शिल्पा शेट्टी और जैकी श्रॉफ ने भी दी बधाई
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी की तस्वीर साझा करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं।
परेश रावल और रणदीप हुड्डा ने भी किया विश
अभिनेता परेश रावल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए लंबी और स्वस्थ उम्र की कामना की। उन्होंने अपने संदेश के जरिए पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अभिनेता रणदीप हुड्डा ने भी प्रधानमंत्री के साथ अपनी एक तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और शक्ति की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।







