पीएम मोदी के जन्मदिन पर खास तोहफा, कलाकार अमन पंत ने समर्पित किया ‘आशीर्वाद का दीया’ सॉन्ग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में म्यूजिक कंपोजर और कलाकार अमन पंत ने प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम से एक खास गीत तैयार किया है। इस गाने में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, जनसेवा और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को केंद्र में रखा गया है। अमन पंत ने सोशल मीडिया पर इस गीत को साझा करते हुए बताया कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कुछ खास समर्पित करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल पूरे होने के अवसर पर यह गीत उनके सम्मान में तैयार किया गया है।
कलाकार ने कहा- पीएम मोदी को कुछ खास समर्पित करने की थी इच्छा
अमन पंत ने गीत साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्षों से देश की सेवा करते हुए देखा है। ऐसे में उनकी इच्छा थी कि उन्हें कुछ ऐसा समर्पित किया जाए, जो उनके लिए खास हो। इसी भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ तैयार किया गया है। कलाकार ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर उनके लिए एक दीया जलाने की भावना के साथ यह गीत पेश किया गया है।
पीएम मोदी ने भी दी प्रतिक्रिया
‘आशीर्वाद का दीया’ गीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गीत की सराहना करते हुए कहा कि इसमें व्यक्त भावनाओं ने उनके दिल को छुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों का हर आशीर्वाद उन्हें भारत की और अधिक निष्ठा के साथ सेवा करने के संकल्प को मजबूत करता है।
काशी से वडनगर तक दिख रहा जन्मदिन का उत्साह
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर वाराणसी से लेकर गुजरात के वडनगर तक खास तैयारियां देखने को मिल रही हैं। देश के कई धार्मिक स्थलों पर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर पूजा-अर्चना की जा रही है। कई शहरों में दीप जलाने की भी तैयारी है। वाराणसी से वडनगर तक Gen-Z की बाइक रैली आयोजित किए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
BJP शुरू करेगी ‘संकल्प सेवा अभियान’
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी ‘संकल्प सेवा अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी कार्यकर्ताओं और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की जा रही है। इस अभियान के जरिए पार्टी विभिन्न सामाजिक और सेवा गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी में है।







