महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा का जल्द आएगा म्यूजिक वीडियो, शूटिंग खत्म

मुंबई। महाकुंभ 2025 इस बार कई वजहों से सुर्खियों में रहा। 90 के दशक की जानी-मानी एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी के संन्यास लेने से लेकर अंबानी परिवार के संगम स्नान तक के साथ महाकुंभ की चर्चा होती रही। महाकुंभ 2025 ने कई लोगों की किस्मत भी बदल दी, जिनमें से एक वायरल गर्ल मोनालिसा भी हैं। मोनालिसा की कजरारी, कत्थई आंखों और सांवले रंग की खूब चर्चा हुई। एक वीडियो सामने आते ही महाकुंभ में माला बेचने आई साधारण सी लडकी मोनालिसा की रातों-रात किस्मत बदल गई और वो सोशल मीडिया सेंसेशन बन गई। मोनालिसा को फिल्में भी ऑफर होने लगीं। महाकुंभ की वायरल गर्ल के नाम से मशहूर मोनालिसा ने अब अपने पहले म्यूजिक वीडियो की शूटिंग भी शुरू कर दी है।
महाकुंभ के दौरान अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर हुईं मोनालिसा अब तक एक्टिंग क्लास ले रही थीं। डायरेक्टर सनोज मिश्रा उन्हें ट्रेन कर रहे थे। इस बीच बतौर एक्ट्रेस मोनालिसा ने फिल्म की तो नहीं, लेकिन अपने पहले म्यूजिक वीडियो की शूटिंग जरूर शुरू कर दी है। मोनालिसा ने अपने को-स्टार के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। जिसमें वह सफेद लिबास में बेहद खूबसूरत लग रही हैं और उनके को-स्टार उत्कर्ष सिंह भी ऑल व्हाइट लुक में नजर आ रहे हैं।
मोनालिसा ने अपने पहले म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाल’ की पूरी टीम के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं और वीडियो भी शेयर किया है। इसमें उन्हें म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करते देखा जा सकता है। वीडियो और तस्वीरें शेयर करते हुए मोनालिसा ने लिखा- ‘जय महाकाल गाने की शूटिंग पूरी हो गई है। रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। इस गाने को ढेर सारा प्यार दीजिएगा।’