Main Slideराजनीति

संसद का गतिरोध खत्म करने की कोशिश तेज, राहुल-प्रियंका से 50 मिनट मिले किरेन रिजिजू, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

संसद में जारी गतिरोध को समाप्त करने की कवायद के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से करीब 50 मिनट तक मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संसद की कार्यवाही सामान्य करने और सरकार-विपक्ष के बीच सहमति बनाने को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान राहुल गांधी ने सरकार के सामने विपक्ष की प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराई जाए और केंद्रीय गृह मंत्री सदन में आकर इस मामले पर अपना बयान दें। विपक्ष का कहना है कि इस मुद्दे पर सरकार को संसद के भीतर जवाब देना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से बैठक में परिसीमन (Delimitation) विधेयक और FCRA संशोधन विधेयक पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने इन दोनों विधेयकों पर कांग्रेस से सहयोग और समर्थन का आग्रह किया। हालांकि, राहुल गांधी की ओर से इन प्रस्तावों पर फिलहाल कोई अंतिम प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि गुरुवार तक स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि अन्य विपक्षी दलों से भी परिसीमन विधेयक को लेकर लगातार संवाद कर रही है। सरकार की कोशिश है कि इस महत्वपूर्ण विधेयक पर व्यापक सहमति बनाकर संसद में इसे सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके। फिलहाल संसद में जारी गतिरोध खत्म करने के लिए सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत का दौर जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या दोनों पक्ष किसी सहमति पर पहुंचते हैं और संसद की कार्यवाही फिर से सामान्य रूप से शुरू हो पाती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close