Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

CM धामी ने मसूरी को दी 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले- उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर

पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखंड को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

मसूरी के समग्र विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी की पहचान देशभर में है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण तेजी से चल रहा है। वहीं, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से कई गांवों तक स्वच्छ पेयजल भी पहुंचाया गया है।

सड़क, बिजली और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को केंद्रीय सड़क निधि (CRF) योजना के तहत सुदृढ़ किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर करीब 1.5 किलोमीटर लंबाई में बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षात्मक निर्माण भी कराया जा रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने हर वादे को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग केवल नकारात्मकता और अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनके पास अपनी उपलब्धियां नहीं हैं, वे विकास कार्यों पर सवाल उठाने की राजनीति कर रहे हैं।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC), दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली का कानून तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। वहीं, नई स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद-एक उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम स्टे योजना, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों के चलते राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही, नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति पूरी तरह आत्मनिर्भर एवं सशक्त बने। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विकास परियोजनाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close