Main Slideप्रदेशमनोरंजन

मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पति पर लगाए मारपीट के आरोप, महिला कोर्ट ने दिया सुरक्षा आदेश

मशहूर हरियाणवी डांसर और ‘बिग बॉस’ फेम सपना चौधरी की निजी जिंदगी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सपना ने अपने पति पर घरेलू हिंसा और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने अदालत का रुख किया, जिसके बाद द्वारका महिला कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की है। याचिका में सपना चौधरी ने आरोप लगाया कि उनके पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की और सार्वजनिक स्थानों पर भी विवाद खड़ा किया। उन्होंने अदालत को बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर छोड़ चुकी हैं और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है।

मामले की सुनवाई कर रही न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने प्रारंभिक तथ्यों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर विचार करते हुए सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की। अदालत ने आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक उनके पति न तो उनसे संपर्क करेंगे और न ही उनके घर, कार्यस्थल या आसपास जाने का प्रयास करेंगे।

सपना की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि यदि तत्काल राहत नहीं दी गई तो उनकी सुरक्षा, प्रतिष्ठा और पेशेवर कार्य प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही उनकी आगामी फिल्म के प्रीमियर और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई।अदालत ने याचिका के साथ दाखिल हलफनामे, कथित चोटों की तस्वीरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अवलोकन किया। इसके बाद कोर्ट ने पाया कि मामले में प्रारंभिक स्तर पर हस्तक्षेप और सुरक्षा आदेश जारी करने के पर्याप्त आधार मौजूद हैं।

कोर्ट ने संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी को भी निर्देश दिया है कि आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए और जरूरत पड़ने पर याचिकाकर्ता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। दोनों ने करीब चार वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद विवाह किया था। इस दंपति के दो बेटे हैं। बड़े बेटे पोरस का जन्म 2020 में हुआ था, जबकि दूसरे बेटे शाहबीर का जन्म 2024 में हुआ।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close