Main Slideराष्ट्रीय

डायमंड हार्बर में 5 पुलिस अधिकारी सस्पेंड, एसपी को चेतावनी; पहले चरण में रिकॉर्ड 91.91% मतदान

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर पुलिस जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इनमें एएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। आयोग के अनुसार, इन अधिकारियों पर पहले चरण के मतदान के दौरान कथित पक्षपात करने और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने के आरोप हैं। आयोग ने सभी के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, डायमंड हार्बर की एसपी इशानी पाल को भी चेतावनी जारी की गई है। आयोग ने संवेदनशील चुनावी मामलों में अधीनस्थ अधिकारियों के बीच अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित नहीं कर पाने पर नाराजगी जताई है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि इस कार्रवाई को तुरंत लागू कर शनिवार सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट सौंपी जाए। निलंबित किए गए अधिकारियों में संदीप गराई (एएसपी), सजल मंडल (एसडीपीओ), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, डायमंड हार्बर थाने), अजय बाग (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, फलता थाना) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर-इन-चार्ज, उस्थी थाना) शामिल हैं।

वहीं, पहले चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल ने रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार, गुरुवार शाम 6 बजे तक राज्य में 91.91 प्रतिशत मतदान हुआ, जो आजादी के बाद का सबसे अधिक है। कई जिलों में 90 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई, जिसमें दक्षिण दिनाजपुर 94.85 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद कूच बिहार, बीरभूम, जलपाईगुड़ी और मुर्शिदाबाद का स्थान रहा। राज्य की शेष 142 सीटों पर 29 मई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close