तमिलनाडु में वोटिंग से पहले कांग्रेस उम्मीदवार के घर छापा, 65 लाख रुपये बरामद

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले बड़ी कार्रवाई सामने आई है। 23 अप्रैल को होने वाली वोटिंग से पहले 22 अप्रैल को फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने श्रीवैकुंठम से कांग्रेस उम्मीदवार उर्वशी एस. अमृतराज के आवास पर छापा मारकर करीब 65 लाख रुपये नकद बरामद किए। चुनाव अधिकारियों को सूचना मिली थी कि घर में मतदाताओं को बांटने के लिए बड़ी मात्रा में नकदी रखी गई है। इसके बाद चुनाव अधिकारी पोनमारी के नेतृत्व में टीम ने थूथुकुडी जिले के गणेश नगर स्थित आवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में छिपाकर रखी गई यह रकम बरामद हुई।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए, जिसके चलते इसे कब्जे में ले लिया गया। बाद में रकम को दक्षिण पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। इस मामले में कचाना विलाई निवासी सुरेश को हिरासत में लिया गया है और पुलिस धन के स्रोत व उसके उपयोग की जांच कर रही है। राज्य में 23 अप्रैल को सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच माना जा रहा है, जबकि अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी इस बार मुकाबले को रोचक बना रही है।







