Main Slideराजनीतिराष्ट्रीय

बिहार में सत्ता परिवर्तन: सम्राट चौधरी बने मुख्यमंत्री, ‘मोदी-नीतीश मॉडल’ पर चलने का ऐलान

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद स्पष्ट कर दिया कि राज्य में अब “मोदी-नीतीश मॉडल” के तहत ही विकास कार्य किए जाएंगे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने कामकाज संभाल लिया और बिहार के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। यह बदलाव तब हुआ जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद मुख्यमंत्री पद खाली हुआ। इसके साथ ही पहली बार बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री बनाया गया है। सम्राट चौधरी इससे पहले डिप्टी सीएम के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्हें नीतीश कुमार का करीबी माना जाता रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पटना स्थित लोकभवन के बाहर समर्थकों ने नारेबाजी भी की, हालांकि सम्राट चौधरी ने साफ किया कि उनकी सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर ही काम करेगी। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल को आगे बढ़ाते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि पहले के शासन में कोई कमी रह गई होगी, तो उसे दूर किया जाएगा।

वहीं भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने भी इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में “विकसित बिहार” के सपने को साकार करेंगे। नई सरकार में जदयू के विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र कुमार यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। बिहार में एनडीए सरकार बरकरार है, लेकिन नेतृत्व अब भाजपा के हाथों में आ गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close