Main Slideराजनीतिराष्ट्रीय

यूपी 2027 पर BJP का महामंथन, लखनऊ में कोर ग्रुप की बैठक, संगठन से लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई। करीब दो घंटे से अधिक चली बैठक में चुनावी रणनीति के साथ संगठन को मजबूत करने और सरकार के अभियानों को जनता तक पहुंचाने समेत कई मुद्दों पर मंथन किया गया।

बैठक में बड़े नेताओं की मौजूदगी

कोर ग्रुप की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि नेताओं के बीच 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आने वाले महीनों में संगठन की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

17 सितंबर से शुरू होंगे ‘सेवा संकल्प’ और ‘सुशासन’ अभियान

पंकज चौधरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प’ और ‘सुशासन’ अभियान शुरू किए जाएंगे। बैठक में इन अभियानों की तैयारियों और इनके जरिए जनता तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठनात्मक तैयारियों के साथ आने वाले महीनों में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर विचार किया गया।

जल्द होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। ऐसे में जल्द ही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाने पर भी चर्चा हुई है। बैठक में संगठन को आगे किस दिशा में ले जाना है और 2027 के चुनाव की तैयारियों को किस तरह गति देनी है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया।

महिलाओं, युवाओं और Gen Z पर फोकस

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कोर ग्रुप की बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। खास तौर पर Gen Z यानी युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए पार्टी और सरकार की ओर से की जा रही पहलों को लेकर भी रणनीति पर विचार किया गया।

बीएल संतोष और विनोद तावड़े की मौजूदगी अहम

राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष की लखनऊ में मौजूदगी के कारण बैठक को संगठन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार लखनऊ पहुंचे। बैठक से पहले ही शुक्रवार दोपहर से बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही तेज हो गई थी।

अखिलेश के दावे पर पंकज चौधरी का तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद यूपी में सपा की सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। उनके इस दावे पर पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा, “मैं मुंगेरी लाल को सुंदर सपने देखने से नहीं रोक सकता।”

बीजेपी ने संगठन को बताया अपनी ताकत

बैठक से पहले बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता को महत्व दिया जाएगा और बैठक में सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ चुनाव के दौरान नहीं, बल्कि लगातार जनता की सेवा के लिए काम करती है। वरिष्ठ नेताओं के प्रदेश दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकें होती रहती हैं और इनसे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आती है।

सपा-कांग्रेस पर बीजेपी का हमला

दिनेश प्रताप सिंह ने सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को ‘विक्रम और बेताल’ की जोड़ी बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के सहारे भी अमेठी और रायबरेली तक नहीं जीत सकती। उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके शासनकाल में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए। बीजेपी प्रवक्ता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका काम प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया पोस्ट और राजनीतिक ड्रामे तक सीमित रह गया है। यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पार्टी संगठन को चुनावी मोड में लाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। आने वाले महीनों में संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए बीजेपी अपनी चुनावी रणनीति को और धार देने की कोशिश करेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close