Main Slideखेल

अफगानिस्तान सीरीज के लिए दिल्ली पहुंची टीम इंडिया, 13 सितंबर को पहला T20 जानें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम अब अपने अगले क्रिकेट मिशन के लिए तैयार है। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज के लिए टीम इंडिया दिल्ली पहुंच चुकी है और खिलाड़ियों ने अरुण जेटली स्टेडियम में तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के दिल्ली पहुंचने और अभ्यास से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। सीरीज का पहला मुकाबला अब ज्यादा दूर नहीं है, ऐसे में भारतीय टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है।

दिल्ली में ही होंगे सीरीज के तीनों मुकाबले

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों T20 इंटरनेशनल मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है।पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा T20 मैच 17 सितंबर को खेला जाना प्रस्तावित है। हालांकि, दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के चलते पहले मैच के आयोजन को लेकर गुरुवार को कुछ संशय पैदा हुआ था। दिल्ली पुलिस की ओर से डीडीसीए को मैच की तारीख आगे बढ़ाने को लेकर पत्र भेजे जाने की खबर सामने आई थी। इसके बाद डीडीसीए ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पहला मुकाबला 13 सितंबर को ही निर्धारित है।

एशियन गेम्स के लिए जापान जाएंगी टीमें

भारत और अफगानिस्तान की टीमें T20 सीरीज के बाद जापान के लिए रवाना होंगी। दोनों टीमों को एशियन गेम्स में हिस्सा लेना है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए आगामी टूर्नामेंट की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भारत का T20 स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।

अफगानिस्तान की टीम

इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, नूर रहमान, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक और अब्दुल्ला अहमदजई।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली इस सीरीज में दोनों टीमों के कई प्रमुख खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। खासतौर पर भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज खुद को साबित करने का अहम मौका होगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close