गोंडा में विनोद साहनी की हत्या, आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर धरने पर संजय निषाद

गोंडा में निषाद पार्टी के जिला प्रचारक विनोद कुमार साहनी की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार रात शाहपुर बाजार में दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे विनोद पर घात लगाए हमलावरों ने भाला और फरसा से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को इलाज के लिए लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे। उन्होंने विनोद के परिवार से मुलाकात की और आरोपितों की गिरफ्तारी तथा पुलिस की कथित लापरवाही के खिलाफ धरने पर बैठ गए।
रास्ते में रोककर किया हमला
बताया गया कि विनोद शाहपुर बाजार स्थित अपनी बर्तन की दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। दुकान से करीब 300 मीटर दूर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद भाला और फरसा से उन पर हमला किया गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर इलाज मिला, जिसके बाद गुरुवार को केजीएमयू रेफर किया गया। इलाज के दौरान विनोद ने पुलिस को बताया था कि उन्हें रास्ते में रोककर हमला किया गया। परिवारीजनों का आरोप है कि विनोद निषाद पार्टी से जुड़े पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर करते थे और इसी वजह से उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। परिवार का दावा है कि शिकायतों के बावजूद समय रहते पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
तीन आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में शुभम सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पांच से सात अज्ञात हमलावरों को भी मुकदमे में आरोपित बनाया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।
संजय निषाद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
डॉ. संजय निषाद ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने परसपुर थानाध्यक्ष और शाहपुर चौकी प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं किए गए तो शुक्रवार को गोंडा में एसपी आवास और कार्यालय का घेराव किया जाएगा। संजय निषाद ने आरोपितों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। मामले में देर रात एसपी अभिषेक ने कार्रवाई करते हुए परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। पुलिस अब बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।







