मिलिट्री यूनिफॉर्म में दिखे कार्तिक आर्यन, ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग का किया ऐलान सामने आया फर्स्ट लुक

बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर जल्द ही फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। इसी बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म से अपना पहला लुक शेयर कर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। तस्वीर में कार्तिक मिलिट्री यूनिफॉर्म में नजर आ रहे हैं। कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म की शूटिंग शुरू करने की जानकारी दी। तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मैवरिक के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार’। उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
शिमित अमीन ने टीम के लिए लिखा खास मैसेज
फिल्म के फर्स्ट लुक के साथ कार्तिक ने डायरेक्टर शिमित अमीन का एक खास मैसेज भी शेयर किया। अमीन ने फिल्म की पूरी टीम की तारीफ करते हुए उनके समर्पण और मेहनत पर गर्व जताया। डायरेक्टर ने पिछले कुछ महीनों के दौरान टीम के सामने आई चुनौतियों का जिक्र किया और कहा कि फिल्म से जुड़ा हर शख्स बेहतरीन क्वालिटी की फिल्म बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने टीम के माहौल को खास बताते हुए सभी का शुक्रिया अदा किया और शूटिंग से पहले क्रू का हौसला बढ़ाया।
लंदन में होगी फिल्म की शूटिंग
‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग लंदन में की जाएगी और इसके अक्टूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज, बावेजा स्टूडियोज और डोपामाइन स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं, जबकि एसबी फिल्म्स प्रोडक्शन की जिम्मेदारी संभाल रही है। फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘चक दे! इंडिया’ जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। ऐसे में कार्तिक आर्यन और शिमित अमीन की जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह है।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे कार्तिक
‘कैप्टन इंडिया’ के अलावा कार्तिक आर्यन के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह क्रिएचर-एक्शन फिल्म ‘नागजिला’ में भी नजर आएंगे। इसके अलावा डायरेक्टर अनुराग बसु के साथ उनका एक अनटाइटल्ड रोमांटिक प्रोजेक्ट भी पाइपलाइन में है।







