पाकिस्तान को 55 रन पर समेटा, भारत ने 68 गेंद रहते रौंदा महिला एशिया कप में लगातार तीसरी जीत

महिला एशिया कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पारी महज 55 रन पर समेट दी। इसके बाद भारत ने सिर्फ 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 68 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है। वहीं, पाकिस्तान की यह टूर्नामेंट में पहली हार है।
55 रन पर ढेर हुई पाकिस्तान की टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह पाकिस्तान का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम स्कोर बताया गया है। पाकिस्तान की ओर से शावल जुल्फिकार ने सर्वाधिक 14 रन बनाए, जबकि मुनीबा अली ने 13 रन की पारी खेली। टीम की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चार बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सकीं और सिर्फ दो खिलाड़ी ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाईं।
श्री चरणी और प्रेमा रावत ने बरपाया कहर
भारत की शानदार गेंदबाजी की अगुआई श्री चरणी और प्रेमा रावत ने की। दोनों स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।वहीं, दीप्ति शर्मा ने दो विकेट चटकाए, जबकि शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के दबदबे के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही।हालांकि फील्डिंग के दौरान भारतीय खिलाड़ियों से कुछ कैच छूटे और मिसफील्ड भी देखने को मिली, लेकिन पाकिस्तान की कमजोर बल्लेबाजी के कारण इन गलतियों का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा।
8.4 ओवर में भारत ने हासिल किया लक्ष्य
56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 9वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। भारत ने महज 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर महिला एशिया कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
भारत की प्लेइंग XI
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीक रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़।
पाकिस्तान की प्लेइंग XI
मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, आयमान फातिमा, तुबा हसन, नशरा संधू और सादिया इकबाल।



