पत्नी से मारपीट के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर FIR, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ उनकी पत्नी से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। नगर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। मामला उस वीडियो के सामने आने के बाद सामने आया, जिसमें पूर्व विधायक और उनकी पत्नी के बीच कथित तौर पर मारपीट होती दिखाई दे रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक गुड्डू पंडित और उनकी पत्नी अर्चना पंडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। इसमें गुड्डू पंडित अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि अर्चना पंडा भी उनके खिलाफ झाड़ू से हमला करती दिखाई देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद अर्चना पंडा की शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ सिटी प्रखर पांडेय के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मुकदमे में मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
दो बार विधायक रह चुके हैं गुड्डू पंडित
गुड्डू पंडित बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अलग-अलग समय पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान अर्चना पंडा के रूप में हुई है। वह कांग्रेस से जुड़ी नेता हैं और पार्टी के महिला संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं पूर्व विधायक
गुड्डू पंडित का नाम इससे पहले भी विवादों में रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 के एक मामले में उन पर एक उम्मीदवार पर चुनाव नहीं लड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगा था। इस मामले में उन्हें विशेष MP-MLA कोर्ट से सजा भी सुनाई गई थी और करीब 14 महीने जेल में रहना पड़ा था। फिलहाल पत्नी से कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ नया मामला दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।







