समय रैना के शो में वरुण धवन का जबरदस्त रोस्ट, अपनी ही ‘सिग्नेचर स्माइल’ देखकर नहीं रोक पाए हंसी

कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 का खास एपिसोड 4 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रहा है। इस एपिसोड में अभिनेता वरुण धवन और मेधा शंकर बतौर मेहमान नजर आएंगे। उनके साथ शो के पैनल में कई अन्य कॉमेडियन भी शामिल होंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस खास एपिसोड का मजेदार ट्रेलर सोशल मीडिया पर साझा किया है। प्रोमो में वरुण धवन जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वहीं, समय रैना और पैनलिस्ट निशांत तंवर अभिनेता को रोस्ट करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
निशांत तंवर ने वरुण धवन की एक्टिंग पर किया मजाक
ट्रेलर में वरुण धवन एक कंटेस्टेंट से उसकी प्रतिभा के बारे में पूछते दिखाई देते हैं। कंटेस्टेंट जब कहता है कि वह एक्टिंग कर सकता है, तो कॉमेडियन निशांत तंवर मजाकिया अंदाज में वरुण धवन की एक्टिंग पर ही तंज कस देते हैं। उनकी बात सुनकर पूरा पैनल हंस पड़ता है और वरुण भी इसे खेल-खेल में लेते हुए मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं। इसके बाद समय रैना कंटेस्टेंट से कुछ अलग करने के लिए कहते हैं। कंटेस्टेंट के एक्टिंग करने की बात कहने पर समय मजाक करते हुए कहते हैं कि वह शायद ‘भेड़िया’ बनाने आए हैं।
समय रैना ने कॉपी की वरुण की सिग्नेचर स्माइल
प्रोमो का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है, जब वरुण धवन समय रैना को भी मंच पर बुला लेते हैं। इसके बाद समय सुझाव देते हैं कि तीनों को जानवरों की तरह अभिनय करना चाहिए। समय खुद इसकी शुरुआत करते हुए वरुण धवन की चर्चित साइड-स्माइल की नकल करते हैं। समय को इस अंदाज में देखकर वरुण भी अपनी वही सिग्नेचर स्माइल दोहराने लगते हैं। दोनों की यह मस्ती देखकर पैनल और दर्शक अपनी हंसी नहीं रोक पाते।
4 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर आएगा खास एपिसोड
नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर इस एपिसोड का ट्रेलर साझा करते हुए दर्शकों को इसे देखने के लिए कहा है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 का छठा एपिसोड 4 सितंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा।
नए खेत को लेकर भी चर्चा में हैं वरुण धवन
वरुण धवन के काम की बात करें तो वह हाल ही में फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में थीं। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिलहाल वरुण धवन अपने नए खेत को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं।







