Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

Bahraich Encounter: मंगलसूत्र लूटने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने मंगलसूत्र झपटने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने देर रात की। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी नानपारा भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

महिला से झपटा था मंगलसूत्र

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र, निवासी सुआगाड़ा, लखीमपुर, अपने फूफा के घर से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना की शिकायत के बाद मटेरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान की गई।

एक साथी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 2-3 सितंबर की रात स्वाट टीम और मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ में फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान उसका साथी असलम मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। इसके बाद एसपी ने असलम की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

नहर पुलिया के पास पुलिस से हुई मुठभेड़

पुलिस को 3-4 सितंबर की रात सूचना मिली कि असलम चोरी की मोटरसाइकिल लेकर निबिया नहर पुलिया से रुपईडीहा रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेज दिया। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close