केरल में दो बड़े सड़क हादसे, एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 11 की मौत, 8 इंजीनियरिंग छात्रों ने भी गंवाई जान

केरल के त्रिशूर जिले में लगातार दो बड़े सड़क हादसों ने मातम पसार दिया। कुन्नमकुलम में शनिवार देर रात हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका महज तीन साल का बेटा शामिल है। वहीं, इससे एक रात पहले NH-66 पर हुए भीषण हादसे में तमिलनाडु के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के आठ छात्रों की जान चली गई।
शादी से लौट रहा था परिवार, कार ने मारी टक्कर
कुन्नमकुलम में हादसा गुरुवायूर-कुन्नमकुलम मार्ग पर शनिवार देर रात करीब आधी रात के समय हुआ। पुलिस के मुताबिक, चावक्कड़ के एडक्काझियूर निवासी मुनीर (35), उनकी पत्नी सफना (25) और तीन वर्षीय बेटा यामिल ऐबक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में परिवार ने सड़क किनारे बाइक रोकी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
NH-66 पर 8 छात्रों की मौत
इससे एक दिन पहले शुक्रवार देर रात त्रिशूर जिले के काईपमंगलम इलाके में NH-66 पर भीषण सड़क हादसा हुआ। पनमबिक्कुन्नू में रात करीब 11:40 बजे छात्रों की कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते इस हिस्से में वाहनों का मार्ग बदला गया था और बैरिकेड लगाए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लॉरी बैरिकेड वाले हिस्से के पास सड़क के दाहिनी ओर खड़ी थी। वहीं, कार की तेज रफ्तार की बात भी सामने आई है। आशंका है कि चालक बैरिकेड को नहीं देख पाया और कार सीधे लॉरी के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि छह छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में डिंडीगुल निवासी सूर्या, युवासंजीत, जोशुआ, मुरली और जीवा, मदुरै निवासी संतोष और प्रसन्ना तथा सेलम निवासी विश्व शामिल हैं।
कार काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण छात्रों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने छात्रों के पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर उनके परिजनों को सूचना दी। बताया गया कि कुछ परिवारों को यह तक जानकारी नहीं थी कि उनके बच्चे केरल गए हुए थे।







