Main Slideअन्तर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

अमेरिका का बड़ा दावा: लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर चार्जशीट, 6 देशों में फैले अपराध नेटवर्क का खुलासा

अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके कथित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में दावा किया गया है कि जेल में बंद रहने के बावजूद लॉरेंस बिश्नोई अपने गैंग का संचालन करता रहा और उसका नेटवर्क भारत सहित कई देशों तक फैला हुआ था।

6 देशों में फैला था नेटवर्क

अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई का कथित गैंग भारत, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया तक सक्रिय था। चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि गैंग हत्या, गोलीबारी, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण और मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल था।

जेल से चलाया जाता था गैंग

जांच एजेंसियों का दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल से मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से गैंग की गतिविधियों का संचालन करता था। आरोप है कि गैंग सोशल मीडिया के जरिए हिंसक वारदातों की जिम्मेदारी लेकर लोगों में भय का माहौल बनाता था और प्रभावशाली कारोबारियों व चर्चित लोगों से व्हाट्सऐप और वॉयस मैसेज के जरिए करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगता था।

ड्रग्स तस्करी और युवाओं की भर्ती के आरोप

चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि गैंग अमेरिका और कनाडा तक कोकीन, हेरोइन और मेथामफेटामाइन जैसी मादक पदार्थों की तस्करी करता था। जांच में यह भी दावा किया गया है कि गिरोह अन्य ड्रग्स नेटवर्क से मादक पदार्थ लूटकर उनकी अवैध बिक्री करता था।

अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, पंजाब के गरीब और नाबालिग युवाओं को पैसे और विदेश भेजने का लालच देकर गैंग में शामिल किया जाता था। कथित तौर पर भरोसेमंद सदस्यों को बाद में अमेरिका और कनाडा भेजा जाता था।

गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा का भी जिक्र

चार्जशीट में दावा किया गया है कि गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और अन्य आरोपी विदेशों में गैंग की गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। अमेरिकी एजेंसियों ने गुप्त मुखबिरों और अंडरकवर ऑपरेशन के जरिए कथित रंगदारी और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े साक्ष्य जुटाने का दावा किया है। चार्जशीट में अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के कई कारोबारियों से लाखों डॉलर की रंगदारी मांगने का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिकी सरकार ने अदालत से आरोपियों की कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी संपत्तियों, नकदी, हथियारों और अन्य परिसंपत्तियों को जब्त करने की मांग की है।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close