CM भगवंत मान की अपील: SIR में जरूर लें हिस्सा, तभी मिलेगा वोट का अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखने और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का SIR प्रक्रिया में शामिल होना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि SIR का उद्देश्य लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस अभियान में पंजाब सरकार पूरी तरह सहयोग करेगी। यदि किसी नागरिक को SIR फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकता है, जो हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अपने संदेश में भगवंत मान ने महिलाओं के लिए प्रस्तावित ‘मावां धियां सत्कार योजना’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को अतिरिक्त 500 रुपये मिलेंगे। यानी उन्हें कुल 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना का लाभ राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए पंजाब सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। भगवंत मान ने कहा कि ‘मावां धियां सत्कार योजना’ सहित सरकार की अन्य सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे, इसके लिए जरूरी है कि हर पात्र नागरिक SIR प्रक्रिया में भाग ले और यह सुनिश्चित करे कि उसका नाम मतदाता सूची में बना रहे।







