‘रामद्रोहियों का परिवार’ केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- 2027 में सपा का होगा सफाया

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रयागराज पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उनके परिवार को “रामद्रोहियों का परिवार” बताया। उन्होंने कहा कि रामभक्तों के खून से उनके परिवार के हाथ रंगे हुए हैं और आज तक अखिलेश यादव को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की फुर्सत नहीं मिली।
राम मंदिर चोरी मामले पर भी साधा निशाना
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए मौर्य ने कहा कि इस मामले की एसआईटी जांच चल रही है, एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव इस मुद्दे पर “ऊलजुलूल बयान” देकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से अखिलेश यादव को बचना चाहिए, क्योंकि इसका जवाब प्रदेश के रामभक्त और राष्ट्रभक्त 2027 के विधानसभा चुनाव में देंगे।
‘बीजेपी ही वर्तमान, बीजेपी ही भविष्य’
चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात को लेकर तीसरे मोर्चे की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि किसी भी नए राजनीतिक मोर्चे से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और कहा कि “भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य है।”
कांग्रेस पर भी बोला हमला
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक रामसेतु के अस्तित्व और भगवान श्रीराम के मुद्दे पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण अयोध्या, मथुरा और काशी से जुड़े विवाद लंबे समय तक बने रहे। मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और अंततः “विजय सत्य की होगी, रामभक्तों और कृष्णभक्तों की होगी।”







