राहुल गांधी के दौरे पर CM धामी का तंज, बोले- ‘कांग्रेस को सिर्फ चुनाव के वक्त याद आता है उत्तराखंड’

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनगढ़ी पुल के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व का राज्य से कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है और पार्टी को उत्तराखंड केवल चुनाव के समय ही याद आता है। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “एक पार्टी के युवराज पंतनगर आए और वापस लौट गए। यदि वे अल्मोड़ा नहीं जा सकते थे तो देहरादून का दौरा भी क्यों रद्द कर दिया? इससे साफ होता है कि कांग्रेस का उत्तराखंड से कोई वास्तविक लगाव नहीं है।”
‘कांग्रेस के लिए चुनाव पर्यटन का सीजन’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कारण रामनगर में पर्यटन का मौसम आता है, उसी तरह कांग्रेस के लिए चुनाव के समय “चुनाव पर्यटन” का सीजन शुरू हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं को राज्य और यहां की जनता की समस्याएं याद आने लगती है
PM मोदी के उत्तराखंड दौरे का किया जिक्र
धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं और भविष्य के दौरों की तैयारियां भी जारी हैं। अगले विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपनी तैयारियों में जुटा है और चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ही पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।







