Main Slideराष्ट्रीय

केतन अग्रवाल हत्याकांड: पोते की मौत के सदमे के बीच दादा देवीचंद अग्रवाल का निधन

पुणे: रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के सदमे से जूझ रहे उनके दादा देवीचंद अग्रवाल का शनिवार रात निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और पिछले दो दिनों से आईसीयू में भर्ती थे। परिवार का कहना है कि पोते की मौत के बाद उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा था। इस बीच, केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में गिरफ्तार उनकी मंगेतर सिया गोयल के परिवार की ओर से भी बयान सामने आया है। परिवार ने दावा किया कि देवीचंद अग्रवाल पिछले करीब छह महीनों से पेट से जुड़ी गंभीर बीमारी, जिसमें कैंसर (ट्यूमर) भी शामिल था, से पीड़ित थे।

परिवार ने जताया गहरा दुख

केतन के परिजनों के अनुसार, पोते की मौत के बाद देवीचंद अग्रवाल बेहद दुखी रहने लगे थे और घटना को लेकर लगातार चिंतित रहते थे। परिवार का कहना है कि वह इस हादसे से बुरी तरह टूट गए थे। गौरतलब है कि 27 जून को केतन अग्रवाल के लिए न्याय की मांग को लेकर पुणे में कैंडल मार्च निकाला गया था, जिसमें देवीचंद अग्रवाल भी शामिल हुए थे। उस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने परिचित लोगों से ही धोखा मिलने का दर्द है।

क्या है पूरा मामला?

पुणे निवासी 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की शादी इसी वर्ष नवंबर में सिया गोयल से होने वाली थी। लेकिन 18 जून को लोहागढ़ किला क्षेत्र में उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ जांच चल रही है। आरोप है कि केतन को किले की एक गहरी खाई में धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान सिया गोयल ने कथित तौर पर बयान दिया कि केतन को धक्का चेतन चौधरी ने दिया था। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष अदालत की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close