‘कैलिफोर्निया’ नंबर प्लेट वाली BMW से 26 लाख रुपये बरामद, दस्तावेज न मिलने पर आयकर विभाग ने शुरू की जांच

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान एक बीएमडब्ल्यू कार से 26 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की गई। नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) सुजीत दुबे के अनुसार, शनिवार देर शाम पुलिस टीम किला चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्मृति उपवन के पास सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट के निकट एक बीएमडब्ल्यू कार और एक स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। दोनों वाहनों के पास तीन युवक मौजूद थे।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान तीनों की पहचान तेलीबाग निवासी शिवांशु पांडेय, आशियाना निवासी रोचमन वर्मा और सरोजनीनगर के पंडितखेड़ा निवासी रचित ठाकुर उर्फ अथर्व के रूप में की। वाहन और नकदी से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
युवकों ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि वे कार में रखी नकदी की गिनती कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर बीएमडब्ल्यू की तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिग्गी में बने एक विशेष लॉकर से 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत 26 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों युवक नकदी के स्रोत को लेकर अलग-अलग दावे करते रहे। कभी इसे निजी लेनदेन की रकम बताया गया तो कभी किसी कारोबारी का पैसा होने की बात कही गई। हालांकि, इनमें से किसी भी दावे के समर्थन में वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। मामले की सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नकदी के स्रोत की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को सीज कर दिया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बीएमडब्ल्यू कार में 12 एम्पियर का हूटर लगा हुआ था और उसकी नंबर प्लेट पर “California” लिखा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वाहन में इस तरह के बदलाव किस उद्देश्य से किए गए थे। साथ ही तीनों युवकों की पृष्ठभूमि और उनकी आर्थिक गतिविधियों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।







