Main Slideमनोरंजन

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में छाए यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल, सुरों से जीता दिल, समय रैना ने दिए पूरे 10 नंबर

कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन का नया एपिसोड रिलीज होते ही चर्चा में आ गया। इस बार मंच पर उत्तर प्रदेश पुलिस के कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने अपनी गायकी और हाजिरजवाबी से दर्शकों के साथ-साथ जजों का भी दिल जीत लिया।स्टेज पर आते ही कपिल ने मजाकिया अंदाज में कहा, “फिर से शुरू कर दिया ये? पिछली बार इसे बंद करवाकर भी मन नहीं भरा क्या?” उनकी इस टिप्पणी पर समय रैना चौंक गए और पूछा कि क्या उन्होंने सिर्फ पुलिस की वर्दी पहन रखी है या वास्तव में पुलिसकर्मी हैं। इस पर कपिल ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं और शो में अपनी गायकी का हुनर दिखाने आए हैं।

मां का सपना पूरा करने बने पुलिसकर्मी

कपिल दिनकर ने बताया कि उनका चयन 2021 की उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में हुआ था और वर्तमान में उनकी तैनाती मेरठ में है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी बनना उनकी मां का सपना था, जबकि उनकी अपनी इच्छा संगीत की दुनिया में पहचान बनाने की थी।

उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस की नौकरी के साथ-साथ वह लेखन भी करते हैं। अब तक वह तीन किताबें लिख चुके हैं और आठ नई किताबों पर काम कर रहे हैं। कपिल ने दावा किया कि वह विभाग के ऐसे पहले कर्मचारी हैं, जिन्हें संगीत गतिविधियों के लिए आधिकारिक अनुमति मिली है।

अपराध पर पूछे सवाल का दिया बेबाक जवाब

शो के दौरान समय रैना ने कपिल से पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मी होने के नाते उन्हें कभी अपराध का डर महसूस हुआ। इस पर कपिल ने कहा कि उन्हें अपने काम के लिए पूरी स्वतंत्रता मिली है और पुलिस प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा रही है।

मिली परफेक्ट रेटिंग और 1.5 लाख रुपये का इनाम

कपिल की प्रस्तुति खत्म होने के बाद समय रैना ने कहा कि, “भारतीय पुलिस से किसी का हमारे शो में आना शो की विश्वसनीयता और बढ़ाता है।” इसके बाद समय रैना, किकू शारदा, चंदन प्रभाकर, हर्ष लिम्बाचिया और बलराज सिंह घई ने उन्हें 10 में 10 अंक दिए। दिलचस्प बात यह रही कि कपिल ने भी खुद को 10 में 10 अंक दिए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 1 लाख रुपये का पुरस्कार और 50 हजार रुपये का बोनस दिया गया।

अक्षय कुमार के शो का मिला था ऑडिशन, हनी सिंह संग काम करने की इच्छा

एक पॉडकास्ट में कपिल दिनकर ने बताया कि उन्हें अभिनेता अक्षय कुमार के गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ के लिए ऑडिशन का मौका मिला था, हालांकि अंतिम चयन नहीं हो सका। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वह रैपर और गायक यो यो हनी सिंह के साथ काम करना चाहते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close