Main Slideराजनीति

UP दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन, योगी NDA नेताओं और संगठन के साथ करेंगे मैराथन बैठकें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं। प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरान वह पार्टी संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति को धार देने और नवगठित प्रदेश भाजपा टीम का मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ कई अहम बैठकें करेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन के बाद यह उनका पहला प्रदेश दौरा है।

रोड शो के साथ होगा स्वागत

लखनऊ पहुंचने के बाद नितिन नवीन सीधे प्रदेश भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। उनका काफिला आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।

संगठन और सरकार के साथ अहम बैठकें

भाजपा मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद वह लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के साथ संगठन और आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।देर शाम वह पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात का भोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ निर्धारित है।

दूसरे दिन शक्ति केंद्र सम्मेलन को करेंगे संबोधित

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की शुरुआत उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद से होगी। इसके बाद वह एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात नितिन नवीन दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन और सरकार से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। दोपहर में वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं शाम को लखनऊ के पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाकर बूथ स्तर की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। भाजपा के लिए यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close