Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

उत्तराखंड में निवेश का नया रिकॉर्ड: धामी सरकार ने ₹1 लाख करोड़ की परियोजनाओं को दी जमीन, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के वादे हुए साकार

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट राज्य के औद्योगिक विकास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गई है। दिसंबर 2023 में हुए इस सम्मेलन में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से अब तक 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड ने निवेशकों के बीच अपनी विश्वसनीयता भी मजबूत की है।

इस महत्वाकांक्षी पहल को सफल बनाने में केंद्र सरकार का भी अहम सहयोग रहा। सम्मेलन के उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया था, जबकि हाल ही में रुद्रपुर में आयोजित ₹1 लाख करोड़ की ग्राउंडिंग समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

निवेश को धरातल पर उतारने पर सरकार का फोकस

निवेशक सम्मेलन के बाद राज्य सरकार ने निवेश परियोजनाओं की लगातार समीक्षा और निगरानी की। उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक हितैषी नीतियों को लागू किया गया। साथ ही, औद्योगिक परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं निवेश परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, जिससे विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण हो रहा है। इसी वजह से कई निवेशकों ने निर्धारित समय से पहले ही अपनी परियोजनाएं शुरू कर दी हैं।

इन क्षेत्रों में मिला सबसे ज्यादा निवेश

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, पर्यटन, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, आयुष, उद्यानिकी और आवास जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश प्रस्ताव मिले। इनमें सबसे अधिक निवेश विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र में जमीन पर उतर रहा है, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार बने निवेश के केंद्र

औद्योगिक निवेश के मामले में ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले सबसे आगे हैं। इन दोनों जिलों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और मौजूदा उद्योगों के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। सरकार का दावा है कि शेष निवेश प्रस्तावों को भी तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है।

अमित शाह ने की सरकार के प्रयासों की सराहना

रुद्रपुर में आयोजित ग्राउंडिंग समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धामी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड निवेश के लिए तेजी से उभरता हुआ राज्य बन रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से राज्य को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। सरकार का मानना है कि इसी विश्वास और बेहतर औद्योगिक माहौल के कारण प्रदेश में निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close