Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

कर्णप्रयाग-नगरासू घटनाओं पर CM धामी सख्त, बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, अफवाह फैलाने वालों को भी नहीं बख्शेंगे

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आई घटनाओं को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि सभी पक्षों को ध्यान में रखकर प्रशासन और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत है तथा उनसे अपील की कि वे देवभूमि के शांत और सौहार्दपूर्ण वातावरण में यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में भी इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यात्रा के शुरुआती दिनों में ही पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 हजार अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सिख गुरुओं से जुड़े तीन प्रमुख आस्था केंद्र—हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब—स्थित हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करना देवभूमि की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और इंटरनेट पर भ्रामक तथा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि समाज में विभाजन पैदा करने या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसी भी ऐसे कृत्य को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा, किसी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचे।

उन्होंने कहा कि संवाद, सद्भाव और आपसी सौहार्द ही समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close