Main Slideमनोरंजन

हुमा कुरैशी की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पर समय रैना ने कसा तंज, एक्ट्रेस ने दिया करारा जवाब, गोविंदा पर भी हुआ मजाक

कॉमेडियन समय रैना अपने बेबाक अंदाज और मजेदार टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। उनके चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के नए एपिसोड में अभिनेत्री हुमा कुरैशी पहुंचीं। इस दौरान समय ने उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर ऐसा मजाक किया कि वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। हालांकि, हुमा ने भी बिना देर किए समय को ऐसा जवाब दिया कि पूरा माहौल ठहाकों से गूंज उठा। इस एपिसोड में कृष्णा अभिषेक, आशीष सोलंकी और बलराज सिंह घई भी पैनलिस्ट के तौर पर शामिल हुए। शो में कई मजेदार बातचीत हुईं, लेकिन समय और हुमा के बीच हुई नोकझोंक ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।

समय रैना ने हुमा की फिल्म पर क्या कहा?

शो के दौरान समय रैना ने हुमा कुरैशी की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर मजाक किया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग उनके शो में आने के बाद फ्लॉप फिल्म देते हैं, लेकिन हुमा पहली ऐसी मेहमान हैं, जिनकी फिल्म पहले फ्लॉप हुई और उसके बाद वह शो में पहुंचीं।

समय की इस टिप्पणी पर हुमा भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने तुरंत पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने तो सिर्फ ‘टॉक्सिक’ नाम की फिल्म में काम किया है, लेकिन असल जिंदगी में समय खुद टॉक्सिक हैं। हुमा का जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगे। इसके बाद समय ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि कम से कम लोग उन्हें तो देखते हैं। दोनों के बीच हुई इस हाजिरजवाबी ने एपिसोड को और दिलचस्प बना दिया।

गोविंदा के गोली लगने वाले मामले पर भी हुई चुटकी

एपिसोड में एक और मजेदार पल तब देखने को मिला, जब कृष्णा अभिषेक ने अपने मामा और अभिनेता गोविंदा से जुड़े पुराने गोलीकांड का जिक्र किया। दरअसल, एक घटना में गोविंदा की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी, जिससे उनके पैर में चोट लग गई थी। इस बातचीत के बीच कॉमेडियन आशीष सोलंकी ने भी मजाकिया टिप्पणी कर दी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शायद गोविंदा ने ‘टॉक्सिक’ देखने के बाद ऐसा किया होगा। उनका यह बयान सुनकर पैनल में मौजूद लोग हंसने लगे।

बड़े सितारों से सजी है ‘टॉक्सिक’

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी नजर आ रही हैं।  बड़े बजट और शानदार कलाकारों की मौजूदगी के कारण फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। इसके प्रदर्शन को लेकर भी काफी चर्चा हुई। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का यह एपिसोड इन दिनों अपनी मजेदार बातचीत और कलाकारों के बीच हुई हाजिरजवाबी को लेकर सुर्खियों में है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close