पीएम मोदी 16-17 नवंबर को जाएंगे फिलीपींस, आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर में फिलीपींस के दौरे पर जाएंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर पीएम मोदी 16 और 17 नवंबर 2026 को मनीला पहुंचेंगे। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 17 नवंबर को आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरे को भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच संबंधों को नई मजबूती देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा समुद्री क्षेत्र में आपसी साझेदारी बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण होगी।
आसियान के साथ रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
मनीला में होने वाले आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में अब तक हुए सहयोग और भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा आसियान-भारत कार्ययोजना 2026-2030 को लागू करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी आसियान देशों और अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे। यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी अहम है। इसके जरिए भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी भागीदारी मजबूत करने और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर देगा।
2027 में भारत-आसियान संबंधों के होंगे 35 साल पूरे
भारत और आसियान के बीच संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। वर्ष 2027 में दोनों पक्षों के संवाद संबंधों के 35 साल पूरे हो जाएंगे। वहीं, व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे। ऐसे में आगामी शिखर सम्मेलन को भविष्य के सहयोग की रूपरेखा तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दे दोनों पक्षों के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल रह सकते हैं।
भारत और फिलीपींस के बीच व्यापार बढ़ाने पर भी जोर
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले भारत और फिलीपींस के बीच आर्थिक सहयोग को लेकर भी बातचीत हुई है। दोनों देशों ने आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की समीक्षा को जल्द पूरा करने पर जोर दिया है। इस संबंध में मनीला में भारत-फिलीपींस व्यापार एवं निवेश संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में समझौते की समीक्षा को जल्द अंतिम रूप देने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ाना है। इससे आर्थिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
फिलीपींस कर रहा है आसियान शिखर सम्मेलन की मेजबानी
फिलीपींस इस समय 11 सदस्य देशों वाले आसियान समूह का अध्यक्ष है। इसी के तहत मनीला में इन महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। आसियान में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। पीएम मोदी की इस यात्रा का मुख्य फोकस समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना होगा। भारत इस क्षेत्र में अपने रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को विस्तार देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।







