Main Slideमनोरंजन

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी: हथियार सप्लायर शकील अंसारी राजस्थान पुलिस के शिकंजे में

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी सफलता राजस्थान पुलिस को मिली है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की सप्लाई से जुड़े आरोपी और गैंगस्टर शकील अंसारी उर्फ आदिल को श्रीगंगानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शकील गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य और शातिर शार्पशूटर है।

जांच में सामने आया है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल की गई जिगाना और ग्लॉक पिस्टलों की सप्लाई में शकील अंसारी की अहम भूमिका थी। पुलिस ने उसे केंद्रीय कारागार से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के लुधियाना जिले के ढांढा खुर्द स्थित दुर्गा कॉलोनी का निवासी है।

दरअसल, 10-11 जून की दरम्यानी रात सदर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में शकील अंसारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। इलाज के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शकील अंसारी के खिलाफ पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस मामले की जांच अब जवाहरनगर थाना पुलिस कर रही है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान रोहित गोदारा गैंग के हथियार नेटवर्क, सप्लाई चेन, सक्रिय गुर्गों और भविष्य की आपराधिक योजनाओं से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close