‘आज की खबर’ के नए कार्यालय का हुआ उद्घाटन, जारी हुआ फर्स्ट लुक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से संचालित लोकप्रिय न्यूज़ चैनल “आज की खबर” ने पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। चैनल ने आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस अपने नए कार्यालय का शुभारंभ कर दिया है। नए कार्यालय का उद्घाटन पूर्ण विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ सकारात्मक ऊर्जा के बीच संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक और गरिमामयी अवसर पर “आज की खबर” के चेयरमैन चन्द्रसेन वर्मा जी ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
शुभारंभ के मौके पर उपस्थित टीम और शुभचिंतकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहाः “आज की ख़बर के नए कार्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। परमपिता परमेश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि उनकी असीम कृपा, आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा सदैव हम सभी पर बनी रहे। प्रभु की कृपा, सत्कर्मों का संबल और आप सभी का विश्वास-यही हमारी सबसे बड़ी पूँजी है। आप सभी के स्नेह, सहयोग और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
चेयरमैन चन्द्रसेन वर्मा ने चैनल के भविष्य के विजन को साफ करते हुए रेखांकित किया कि यह नया कार्यालय केवल ईंट-पत्थरों से बनी एक इमारत नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की साख को और मजबूत करने का काम करेगा। उन्होंने संकल्प लिया कि यह नया कार्यालय सत्य, निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित की पत्रकारिता का एक सशक्त केंद्र बनेगा। चैनल अपनी खबरों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के हित में निरंतर अपनी सार्थक और सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
लॉन्चिंग के साथ ही चैनल ने अपने नए कार्यालय की पहली झलक (First Look) भी जारी की है। अत्याधुनिक स्टूडियो, लेटेस्ट ब्रॉडकास्टिंग टूल्स, हाई-टेक पीसीआर (PCR) और डिजिटल न्यूज़ रूम से सुसज्जित यह कार्यालय आज के दौर की आधुनिक पत्रकारिता की जरूरतों को पूरा करता है।
चैनल प्रबंधन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि, “नई सोच, नया संकल्प और नई ऊर्जा के साथ यह नई शुरुआत सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी। हमारा प्रयास रहेगा कि हर ख़बर तथ्यपरक, विश्वसनीय और समाज के हित में सीधे दर्शकों तक पहुँचे।”

















