‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील, महिला सशक्तिकरण और मिशन शक्तिसैट का भी किया जिक्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड को संबोधित कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत और अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रहे नए प्रयासों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ एक ऐसा मंच है, जहां देश के नए और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से इतिहास को आसानी से समझने के लिए bharatrajya.com वेबसाइट देखने की अपील की।
इतिहास को दिलचस्प तरीके से समझने में मदद करेगी वेबसाइट
प्रधानमंत्री ने बताया कि मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि ने एक ऐसी वेबसाइट तैयार की है, जहां किसी भी वर्ष को चुनने पर यह जानकारी मिल सकती है कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था। पीएम मोदी ने कहा कि यह प्रयास इतिहास के छात्रों के लिए उपयोगी होने के साथ-साथ आम लोगों को भी देश के इतिहास को दिलचस्प तरीके से समझने में मदद करेगा।
‘भारत को ड्रग्स मुक्त बनाना है’
‘मन की बात’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से नशामुक्त भारत के निर्माण में एकजुट होकर योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने देशवासियों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
पीएम स्वनिधि योजना में महिलाओं की बड़ी भागीदारी
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना लाखों माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। यानी देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का यह पहलू उतनी चर्चा में नहीं आता, जितनी इसकी जरूरत है।
मिशन शक्तिसैट का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन शक्तिसैट की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में इस मिशन की एक शानदार तस्वीर देखने को मिली। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी भारत के लिए गर्व की बात है और ऐसे प्रयास देश की युवा पीढ़ी को नए अवसरों से जोड़ रहे हैं।



