महाराष्ट्र: भिवंडी में 4 मंजिला ‘कोहिनूर’ इमारत ढही, 2 की मौत, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका
महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। नारपोली इलाके के भंडारी कंपाउंड स्थित चार मंजिला ‘कोहिनूर’ इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। दुर्घटना में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
NDRF और फायर ब्रिगेड चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही NDRF, फायर ब्रिगेड और TDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी छह से सात लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
पहले ही खतरनाक घोषित हो चुकी थी इमारत
जानकारी के मुताबिक, भिवंडी नगर निगम ने इस चार मंजिला इमारत को पहले ही जर्जर और ‘सी-कैटेगरी’ की खतरनाक इमारत घोषित कर दिया था। इसके बाद भवन को खाली करने के निर्देश जारी किए गए थे और अधिकांश निवासी वहां से जा चुके थे। हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम चल रहा था, तभी पूरी इमारत ढह गई।
विधायक बोले- बड़ी त्रासदी टल गई
भिवंडी पश्चिम से विधायक महेश चौगुले ने बताया कि नगर निगम ने पहले ही इमारत को खाली करा दिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मरम्मत कार्य के दौरान मौजूद मजदूरों के मलबे में फंसने की आशंका है। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान पूरी तेजी से चलाया जा रहा है।
मेयर ने लोगों से की अपील
भिवंडी नगर निगम (BNCMC) के मेयर नारायण चौधरी ने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना है। उन्होंने बताया कि पूरे नगर निगम प्रशासन को राहत कार्य में लगाया गया है। मेयर ने यह भी कहा कि कई बार पानी और बिजली का कनेक्शन काटे जाने के बावजूद लोग खतरनाक घोषित इमारतों में रहना जारी रखते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस की मदद से इमारतों को पूरी तरह खाली कराया जाएगा। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए पास के कम्युनिटी हॉल और स्कूलों में अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की गई है।




