दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक आज, 23 दलों के नेता होंगे शामिल, AAP और DMK ने बनाई दूरी

केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से INDIA गठबंधन के घटक दल सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में अहम बैठक करने जा रहे हैं। बैठक में विपक्षी एकता को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत 23 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि INDIA गठबंधन की इस बैठक में 23 राजनीतिक दलों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। हालांकि कुछ दल अपने-अपने कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही गठबंधन से दूरी बनाने का ऐलान कर चुकी है, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने भी इस बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु की राजनीति में हालिया घटनाक्रम और कांग्रेस के साथ मतभेदों के चलते DMK ने बैठक से दूरी बनाई है। वहीं, तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के गठबंधन के नए सहयोगी के रूप में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि उसे अभी तक औपचारिक निमंत्रण नहीं भेजा गया है।
करीब दो साल बाद INDIA गठबंधन की यह आधिकारिक बैठक हो रही है। इससे पहले गठबंधन की आखिरी औपचारिक बैठक जून 2024 में आयोजित की गई थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विपक्ष भाजपा के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का मुकाबला करने के लिए एक साझा मंच और रणनीति तैयार करने की कोशिश कर रहा है।
बैठक से पहले दिल्ली में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। भाजपा की ओर से लगाए गए पोस्टरों में INDIA गठबंधन के नेताओं द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ दिए गए पुराने बयानों का जिक्र किया गया है। पोस्टरों में सवाल उठाया गया है कि जो दल और नेता आपस में ही मतभेदों से जूझ रहे हैं, वे एकजुट होकर चुनावी मुकाबला कैसे करेंगे। ऐसे में यह बैठक विपक्षी एकता की मजबूती और गठबंधन की भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।







