Main Slideव्यापार

शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स 800 अंक लुढ़का, निफ्टी 23,100 के नीचे,आईटी और मेटल शेयरों में भारी बिकवाली

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली। कमजोर वैश्विक संकेतों, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में सोमवार को बाजार भारी नुकसान के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 23,100 के स्तर से नीचे फिसल गया।

सुबह कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स 803 अंक की गिरावट के साथ 73,440 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 264 अंक टूटकर 23,102 पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में व्यापक बिकवाली का माहौल रहा। बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही, जहां केवल 107 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 310 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

आईटी, मेटल, ऑटो और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। विप्रो करीब 4.5 फीसदी तक टूट गया। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, टाटा स्टील, हिंदाल्को, टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस जैसे दिग्गज शेयरों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी के टॉप लूजर्स में हिंदाल्को, टाटा मोटर्स, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), बजाज फाइनेंस और श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं निवेशकों की चिंता का प्रमुख कारण बनी हुई हैं। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की रणनीति का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ा है।

इस बीच कुछ कंपनियां अपनी कॉर्पोरेट गतिविधियों के चलते निवेशकों के रडार पर बनी रहेंगी। EMS को उत्तर प्रदेश जल निगम से लगभग 102.8 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। Alembic Pharmaceuticals कनाडा में एक नई कंपनी में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी में है। Zee Entertainment 10 जून को फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार करेगी। वहीं Hindustan Zinc ने राजस्थान में 250 हेक्टेयर क्षेत्र में पर्यावरण पुनर्स्थापन परियोजना के लिए TERI के साथ समझौता किया है। Allied Blenders & Distillers में भी प्रबंधन स्तर पर अहम बदलाव किए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक परिस्थितियों में सुधार आने तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने की जरूरत है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close