ऑडी में घूमकर करते थे चोरी, सीतापुर में हाईटेक चोर गैंग का भंडाफोड़, 77 लाख का माल बरामद

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने एक हाईटेक चोर गैंग का पर्दाफाश किया है, जिसके सदस्य लग्जरी कारों का इस्तेमाल कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। अटरिया पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से करीब 77 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेंद्र चौहान और धर्मराज यादव के रूप में हुई है। दोनों को पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अटरिया थाना क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सीतापुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दुर्गेश सिंह ने बताया कि योगेंद्र चौहान थाना सदरपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह एक मामले में वांछित भी चल रहा था।
आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने करीब 15-20 दिन पहले ग्राम अलबदा में एक घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए थे। इसके अलावा मनवा गांव के एक घर से नकदी और चांदी के आभूषण भी चुराए थे। पुलिस के मुताबिक, गैंग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए महंगी लग्जरी कारों का इस्तेमाल करता था, जिससे उन पर किसी को संदेह न हो।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात, लगभग 60 लाख रुपये कीमत की ऑडी कार और फर्जी नंबर प्लेट लगी करीब 12 लाख रुपये कीमत की सियाज कार बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।







