दिल्ली : नाले में गिरी कार, सेना अधिकारी के बेटे की मौत, महिला मित्र घायल

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा नांगल देवात के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद महिला मित्र घायल हो गई। मृतक की पहचान यशवेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह भारतीय सेना के एक अधिकारी का बेटा था और अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था। छुट्टियों के दौरान वह भारत आया हुआ था।
दोस्त के घर से लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यशवेंद्र अपनी महिला मित्र के साथ एक परिचित के घर से लौट रहा था। नांगल देवात रेड लाइट के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नाले में पलट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन यशवेंद्र को बचाया नहीं जा सका।
फिसलन को माना जा रहा हादसे की वजह
पुलिस ने बताया कि घायल महिला छात्रा भी अमेरिका के उसी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही है, जहां यशवेंद्र अध्ययनरत था। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि सड़क पर फिसलन होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि महिला के पिता ओखला स्थित एक निजी कंपनी में साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र से जुड़े हैं। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले नोएडा में भी हुआ था ऐसा हादसा
गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा में भी एक खुली नाली में गिरने से 27 वर्षीय इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया था। मृतक की पहचान फर्रुखाबाद निवासी आर्यन के रूप में हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







