खेल

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का हरारे में तूफान, शशि थरूर भी हुए मुरीद

भारतीय क्रिकेट को एक और उभरता सितारा मिल गया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान भी बना ली। हरारे में खेली गई उनकी तेजतर्रार पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

18 गेंदों में अर्धशतक, बना डाला नया रिकॉर्ड

महज 15 साल 118 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने नेपाल के बल्लेबाज कुशल मल्ला का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पारी खेलने वाले वैभव अब रिकॉर्ड बुक का हिस्सा बन चुके हैं।

शशि थरूर ने की तारीफ

वैभव की पारी से कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी प्रभावित नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर युवा बल्लेबाज की जमकर सराहना करते हुए लिखा कि भारत के लिए पहला अर्धशतक और वह भी सिर्फ 18 गेंदों में… यह असाधारण प्रदर्शन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वैभव भारतीय क्रिकेट के लिए कई और बड़ी पारियां खेलेंगे।थरूर की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट प्रशंसक भी युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

भारत को दिलाई आसान जीत

126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत दी। उन्होंने 18 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। 263.16 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी की बदौलत भारत ने सिर्फ 13.2 ओवर में सात विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बल्ले से दिया आलोचकों को जवाब

इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। शुरुआती तीन पारियों में वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पाए थे, जिसके बाद उनके चयन को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई उनकी धमाकेदार अर्धशतकीय पारी ने तमाम आलोचनाओं पर विराम लगा दिया। इस प्रदर्शन ने यह संकेत भी दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक बेहद प्रतिभाशाली और निडर बल्लेबाज मिल चुका है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close