अमेरिका में तेलंगाना के युवक की गोली मारकर हत्या, फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में तेलंगाना के 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि अंशुल को एक फर्जी पिज्जा डिलीवरी ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाया गया और फिर योजनाबद्ध तरीके से उनकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद परिवार और भारतीय समुदाय में गहरा शोक है।जानकारी के मुताबिक अंशुल पिछले करीब चार साल से अमेरिका में रह रहे थे। वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते थे और अतिरिक्त आय के लिए सप्ताहांत में पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम भी करते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात उन्हें फिलाडेल्फिया के एक इलाके में पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला। जब अंशुल तय पते पर पहुंचे तो वहां मौजूद अज्ञात हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर ने उनके सिर पर कई गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। अंशुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिवार का कहना है कि घटना के बाद अंशुल का कोई सामान नहीं लूटा गया। उनके पास मौजूद मोबाइल, पैसे और अन्य चीजें सुरक्षित मिलीं। इसी वजह से परिजनों को शक है कि यह सिर्फ लूटपाट नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है।
अंशुल की बहन तन्वी ने दावा किया कि पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर पूरी तरह फर्जी था। उन्होंने बताया कि जिस पते पर अंशुल को भेजा गया था, वहां कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। परिवार का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर वहां बुलाकर निशाना बनाया गया।
तन्वी ने यह भी बताया कि इससे पहले भी अंशुल अमेरिका में लूटपाट का शिकार हो चुके थे। उस दौरान उनसे मोबाइल फोन, चेन और नकदी छीन ली गई थी, हालांकि तब उन्हें कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा था। परिवार ने भारतीय अधिकारियों से अंशुल का शव जल्द भारत भेजने की मांग की है ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके। घटना के बाद परिवार ने अमेरिका में बढ़ती असुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है।
इस बीच न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और अंशुल के परिवार के संपर्क में है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अंशुल की मौत की खबर के बाद अमेरिका में रह रहे तेलुगु समुदाय और तेलंगाना के गुंडलपोचमपल्ली इलाके में शोक का माहौल है। परिवार, दोस्त और परिचित इस घटना से सदमे में हैं।







