अमेरिकी सेना का बड़ा दावा: ईरान के 2 ड्रोन मार गिराए, होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव

मध्य पूर्व में तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने रविवार सुबह बड़ा कदम उठाते हुए ईरान के दो हमलावर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि की। सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ये “वन-वे अटैक ड्रोन” होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिए खतरा बन सकते थे। अमेरिकी सेना ने इन्हें समय रहते नष्ट कर दिया।
कमांड ने बयान में कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी सेना पूरी तरह अलर्ट पर है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है। यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता दिख रहा है। इससे पहले भी अमेरिकी सेना ने ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को रोकने का दावा किया था।सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियों में तेजी आई है, जिससे खाड़ी क्षेत्र में स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
इसी बीच पाकिस्तान की ओर से तनाव कम करने की कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी हाल ही में तेहरान पहुंचे थे और यह उनका तीसरा दौरा बताया जा रहा है। लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमलों के चलते मध्य पूर्व में हालात और अधिक तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे रणनीतिक इलाके में किसी भी घटना का असर वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।







