फिरोजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में 8 की मौत, 15 से अधिक घायल

पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव जंगा वाला के पास हुआ, जहां एक ट्रक और महिंद्रा पिकअप जीप के बीच जोरदार टक्कर हो गई।पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 25 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे। वे जलालाबाद से अमृतसर के ब्यास स्थित डेरा राधा स्वामी में एक मृतक रिश्तेदार के फूल प्रवाहित करने जा रहे थे। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। घटना के बाद सभी घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






