Main Slideखेल

IND vs AFG Test: शुभमन गिल ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का फैसला, मानव सुथार का टेस्ट डेब्यू

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मुल्लांपुर में आयोजित इस मुकाबले में युवा ऑफ स्पिनर मानव सुथार ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया।हालांकि इस मैच से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंक नहीं मिलेंगे, लेकिन इसे भारत की आगामी चुनौतीपूर्ण टेस्ट श्रृंखलाओं की तैयारी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह मुकाबला भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव के दौर का भी संकेत है, जहां कई वरिष्ठ खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में युवा प्रतिभाओं को मौका दिया जा रहा है।

मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम प्रबंधन भविष्य की टेस्ट टीम तैयार करने पर जोर दे रहा है। इसी रणनीति के तहत साई सुदर्शन को नंबर-3 पर मौका दिया गया है, जबकि मानव सुथार को पहली बार टेस्ट कैप सौंपी गई है। टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे क्योंकि यहां गर्मी और उमस काफी है। पिच समय के साथ धीमी और नीची होती जाएगी। मेरे लिए यहां कप्तानी करना बेहद खास और सम्मान की बात है। हमारी तैयारी अच्छी रही है और टीम सही संयोजन बनाने पर ध्यान दे रही है।”

वहीं, अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि उनकी टीम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी। उन्होंने कहा, “विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है। हमने इस मैच के लिए अच्छी तैयारी की है और चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अफगानिस्तान के लिए भी यह मुकाबला खास महत्व रखता है। नए मुख्य कोच रिचर्ड पाइबस की देखरेख में टीम रेड-बॉल क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने की कोशिश करेगी। टेस्ट क्रिकेट में सीमित अवसर मिलने के बावजूद अफगानिस्तान इस मैच को अपनी प्रगति दिखाने के बड़े मंच के रूप में देख रहा है।

मुल्लांपुर का यह मैदान भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बन गया है। आईपीएल के दौरान यहां बल्लेबाजों को मदद मिली थी, लेकिन टेस्ट मैच के लिए तैयार की गई पिच से उम्मीद है कि वह गेंदबाजों को भी कुछ सहायता प्रदान करेगी।

भारत की प्लेइंग इलेवन:

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन:

सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर ज़ज़ई (विकेटकीपर), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close