Main Slideराष्ट्रीय

मीम्स से मैदान तक: कॉकरोच जनता पार्टी ने चुने 3 प्रवक्ता, NEET पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

सोशल मीडिया और मीम्स के जरिए चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब जमीनी राजनीति की ओर कदम बढ़ा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचने वाले हैं। इससे पहले पार्टी ने अपने तीन नए राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की घोषणा करते हुए राजधानी के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

पार्टी की ओर से सौरभ दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका को प्रवक्ता बनाया गया है। तीनों युवा चेहरे हैं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी नेताओं ने NEET-UG और CBSE परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए 6 जून को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने की अपील भी की।

सौरभ दास को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वे पेशे से पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता हैं तथा कानूनी, न्यायिक और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रूप से लिखते रहे हैं। प्रदूषण, सूचना के अधिकार (RTI) और जनहित से जुड़े मामलों को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा में रही है। प्रवक्ता बनाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी भी जाहिर की।

विजेता दहिया हरियाणा से संबंध रखते हैं और वर्तमान में मुंबई में रहते हैं। उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। दहिया राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्म निर्माता के रूप में पहचान रखते हैं। वे डिजिटल कंटेंट और राजनीतिक शोध के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उनकी कई पुस्तकें और फिल्म परियोजनाएं चर्चा में रह चुकी हैं।

वहीं, आशुतोष रांका ने IIT कानपुर से बीटेक और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। वे सार्वजनिक नीति और सामाजिक मुद्दों पर काम करते रहे हैं। भारत लौटने के बाद उन्होंने शिक्षा, पर्यावरण और युवाओं से जुड़े अभियानों में भागीदारी की है। पार्टी का कहना है कि अब उसका मुख्य फोकस शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसे मुद्दों के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना होगा। अभिजीत दिपके के दिल्ली पहुंचने के बाद पार्टी की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close