Main Slideमनोरंजन

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का धमाकेदार आगाज़, भारत में हॉलीवुड फिल्मों की सबसे बड़ी ओपनिंग; ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड टूटा

मार्वल स्टूडियोज़ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए नया इतिहास रच दिया है। टॉम हॉलैंड स्टारर इस फिल्म ने पहले ही दिन रिकॉर्डतोड़ कमाई कर भारत में किसी भी हॉलीवुड फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही फिल्म ने ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के वर्षों पुराने ओपनिंग डे रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। वहीं, बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ की शुरुआत बेहद धीमी रही।

पहले दिन की कमाई ने बनाया नया रिकॉर्ड

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में पहले दिन करीब 60.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं फिल्म की ग्रॉस कमाई लगभग 72.44 करोड़ रुपये रही, जो भारतीय बॉक्स ऑफिस पर किसी भी हॉलीवुड फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग ग्रॉस है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के नाम था, जिसने भारत में रिलीज के पहले दिन करीब 54 करोड़ रुपये नेट और 65 करोड़ रुपये ग्रॉस का कारोबार किया था। अब ‘ब्रांड न्यू डे’ ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया बेंचमार्क स्थापित कर दिया है।

इंग्लिश के साथ हिंदी वर्जन को भी मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

फिल्म पूरे भारत में 17,250 से अधिक शोज़ के साथ रिलीज हुई। पहले दिन इसकी कुल ऑक्यूपेंसी करीब 72.3 प्रतिशत दर्ज की गई। कमाई में इंग्लिश वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने लगभग 32.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं हिंदी डब वर्जन को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला और इसने लगभग 22 करोड़ रुपये की कमाई के साथ करीब 95 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। इसके अलावा तमिल वर्जन ने लगभग 3 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन ने करीब 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दोनों भाषाओं में ऑक्यूपेंसी 65 से 66 प्रतिशत के बीच रही।

‘भाई तेरा स्टार है’ की शुरुआत फीकी

दूसरी ओर, बॉलीवुड फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को आकर्षित करने में सफल नहीं रही। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पहले दिन भारत में 0.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसकी ग्रॉस कमाई लगभग 0.30 करोड़ रुपये रही। फिल्म को देशभर में 876 शोज़ मिले थे, लेकिन दर्शकों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।

मार्वल की लोकप्रियता फिर आई नजर

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत में मार्वल फिल्मों की लोकप्रियता बरकरार है। अब फिल्म की नजर पहले वीकेंड में और बड़े रिकॉर्ड बनाने पर होगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close