Main Slideखेल

वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी में जुटा बीसीसीआई, अफगानिस्तान सीरीज के लिए आज हो सकता है टीम इंडिया का ऐलान

वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि टूर्नामेंट में अभी एक साल से ज्यादा का समय बाकी है, लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड टीम के भविष्य का खाका तैयार करने में जुट गया है। इसी कड़ी में भारत और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए आज टीम इंडिया का ऐलान किया जा सकता है।

अगले महीने होगी भारत-अफगानिस्तान सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले एक टेस्ट मैच और उसके बाद तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, दोनों सीरीज के लिए टीम चयन को लेकर आज चयन समिति की अहम बैठक हो सकती है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस और आगामी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यदि सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट पाए जाते हैं, तभी दोनों टीमों की घोषणा एक साथ की जाएगी। इस बैठक में सिर्फ अफगानिस्तान सीरीज ही नहीं, बल्कि 2027 वनडे विश्व कप की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

रोहित और विराट के भविष्य पर होगी चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर भी चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में दोनों सीनियर खिलाड़ी टीम का हिस्सा होंगे। हालांकि चयनकर्ता पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिटनेस मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विराट कोहली की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनका टीम में बने रहना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन रोहित शर्मा को लेकर स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण बताई जा रही है। इसके अलावा अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के भविष्य पर भी चर्चा हो सकती है।

हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर सवाल, नीतीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है मौका

हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी को लेकर भी चयनकर्ताओं के बीच चर्चा होने की संभावना है। सवाल यह है कि क्या हार्दिक वनडे क्रिकेट में लगातार पूरे 10 ओवर फेंकने के लिए पूरी तरह फिट हैं या नहीं। इसी वजह से चयनकर्ता युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका देने पर विचार कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी जाने वाली टीम में भविष्य की रणनीति और विश्व कप 2027 का स्पष्ट असर देखने को मिलेगा। अब नजर बीसीसीआई के अंतिम फैसले और टीम इंडिया के संभावित स्क्वाड पर टिकी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close