स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, हाई कोर्ट समेत छह स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली| स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। दिल्ली हाई कोर्ट समेत राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्तों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया। हाई कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया। मामले की जांच साइबर और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं।
ई-मेल में कई संवेदनशील स्थानों का जिक्र
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट के अलावा जिला अदालतों, लाल किले, मेट्रो और एक ट्रेन का भी उल्लेख किया गया है। ई-मेल में राजधानी में धमाके की धमकी देते हुए कुछ संवेदनशील मामलों का हवाला दिया गया है। साथ ही, कथित तौर पर दिल्ली को लेकर अलगाववादी विचारधारा से जुड़े दावे भी किए गए हैं।
इन स्थानों को बनाया गया निशाना
धमकी भरे संदेश में राजधानी के कई सरकारी और महत्वपूर्ण परिसरों का उल्लेख किया गया है। इनमें शामिल हैं—
- जाम नगर हाउस
- दिल्ली हाई कोर्ट
- झंडेवालान स्थित FLATED बिल्डिंग
- एमबी साकेत कार्यालय (डीएम कार्यालय)
- इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल-3)
- एसडीएम कार्यालय, दिल्ली कैंट
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी
धमकी मिलने के बाद संबंधित सभी स्थानों पर पुलिस, बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं। संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और धमकी की सत्यता का पता लगाने के लिए तकनीकी एवं साइबर जांच में जुटी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।







